बिलासपुर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो स्थानों से करीब 47 क्विंटल अवैध धान जब्त

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कलेक्टर के निर्देश पर दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां से लगभग डेढ़ लाख रुपए मूल्य का अवैध धान जब्त किया गया है।
अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी एस.एस. दुबे ने बताया कि पहली कार्रवाई कृषि उपज मंडी समिति जयराम नगर के अंतर्गत ग्राम पचपेड़ी में की गई। जहां हेमंत नारजे के गोदाम से 67 बोरी यानी करीब 27 क्विंटल धान बरामद हुआ।
दूसरी कार्रवाई कृषि उपज मंडी समिति बिलासपुर के तहत ग्राम बसहा, बेलतरा में हुई। यहां से 50 बोरी यानी लगभग 20 क्विंटल धान जब्त किया गया।
दोनों मामलों में मण्डी अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। यह संयुक्त अभियान राजस्व, खाद्य और मण्डी विभाग टीम द्वारा संचालित किया गया।
कलेक्टर के निर्देश पर धान खरीदी की पूरी अवधि के दौरान ऐसी छापेमार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का दावा है कि अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




