बैंक मैनेजर की कार से कुचलकर मौत, CCTV में कैद हुई घटना….

रायपुर – राजधानी के स्वीपर कॉलोनी इलाके में एक सड़क हादसा हुआ है। जिला सहकारी बैंक के मैनेजर लक्ष्मीकांत तिवारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है, जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मीकांत तिवारी विकासपुरी इलाके के रहने वाले थे और बैंक से अपनी सेवानिवृत्ति की प्रक्रिया पूरी कर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में बने गड्ढे में उनकी स्कूटी उछल गई और वे संतुलन खो बैठे। स्कूटी फिसलने से वे सड़क के बीच में गिर गए। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार वेगनआर कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पूरा मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने CCTV फुटेज जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। सेवानिवृत्ति के ठीक बाद हुई यह दुखद दुर्घटना ने सभी को झकझोर दिया है। सड़क पर बने गड्ढे फिर एक बार मौत का सबब बन गए हैं।




