बिलासपुर

हथियारबंद बदमाशों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर फैलाई दहशत, 2 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर – कोटा थाना क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों द्वारा घर में घुसकर की गई मारपीट और सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

घटना 14 दिसंबर 2025 की है। राममंदिर चौक के पास हुए विवाद के बाद रात करीब 11 बजे आरोपियों ने प्रार्थी शुभम श्रीवास के घर में जबरन घुसकर अश्लील गाली-गलौच करते हुए धारदार और खतरनाक हथियारों से हमला किया। इस हमले में शुभम श्रीवास और उनके चाचा को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।

Advertisement

हमले के बाद आरोपियों ने पड़ावपारा स्थित काली मंदिर के पास खतरनाक हथियार लहराते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर क्षेत्र में भय और दहशत फैलाने का प्रयास किया।मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोटा में बीएनएस की गंभीर धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अर्चना झा एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी चांद खान, उम्र 21 वर्ष, निवासी पड़ावपारा कोटा को धान मंडी के पास से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर दोमुंहा तबली, लोहे का पाइप, चैन स्प्रोकेट सहित अन्य घातक हथियार बरामद कर जप्त किए गए हैं।इस प्रकरण में एक अपचारी बालक की संलिप्तता भी पाई गई है, जिसके विरुद्ध किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें।

Related Articles

Back to top button