एयर एंबुलेंस क्रैश, 7 लोगों की हुई मौत….

झारखंड में सोमवार शाम एक बड़ा विमान हादसा सामने आया, जब रांची से दिल्ली जा रहा एक निजी एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास जंगल में क्रैश हो गया। जानकारी के मुताबिक यह मेडिकल इवैक्यूएशन फ्लाइट शाम 7:11 बजे रांची से उड़ी थी, लेकिन 7:34 बजे कोलकाता एरिया कंट्रोल से आखिरी संपर्क के बाद अचानक रडार और रेडियो से गायब हो गई। स्थानीय लोगों ने जंगल में विमान गिरने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 विमान (VT-AJV) मेडिकल इवैक्यूएशन उड़ान पर था। विमान में मरीज, उसके परिजन, एक डॉक्टर, एक मेल नर्स और दो क्रू मेंबर समेत कुल 7 लोग सवार थे। हादसे में सभी सातों लोगों की मौत की पुष्टि कर दी गई है। संपर्क टूटने की जगह वाराणसी से करीब 100 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व बताई गई है।
घटना के बाद रात 8 बजकर 5 मिनट पर रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय कर दिया गया। चतरा जिला प्रशासन, पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वहीं, दुर्घटना की जांच के लिए Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) की टीम को भेजा जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।




