पार्किंग विवाद में अधिवक्ता से मारपीट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब स्कॉर्पियो सवार युवक ने सरेराह एक अधिवक्ता को थप्पड़ मार दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार भिलाई निवासी तेजस्व, जो हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं और पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक अधिकारी के पुत्र बताए जा रहे हैं, बुधवार को अपने दोस्त खिलेंद्र टंडन के साथ अशोक नगर चौक स्थित इंडियन कॉफी हाउस पहुंचे थे।
इसी दौरान कार पार्किंग को लेकर वहां मौजूद स्कॉर्पियो सवार सागर जायसवाल से उनकी कहासुनी हो गई।बताया जा रहा है कि बहस के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि सागर जायसवाल गाड़ी से उतरकर आया और सरेराह अधिवक्ता तेजस्व को थप्पड़ मार दिया।अचानक हुई इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना के बाद जब अधिवक्ता शिकायत दर्ज कराने सरकंडा थाने पहुंचे तो आरोपी युवक उनका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर जायसवाल को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




