14 बोतल कोडिनयुक्त नशीले सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार

(रामप्रसाद गुप्ता) : एमसीबी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवगढ़ मेन रोड पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को 14 नग प्रतिबंधित कोडिनयुक्त ONEREX नशीला सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीला सिरप, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल करीब 32 हजार 821 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि जनकपुर निवासी सन्नी शर्मा उर्फ निखिल कुमार शर्मा मोटरसाइकिल से नशीला सिरप लेकर बिक्री के उद्देश्य से जा रहा है। सूचना पर देवगढ़ मेन रोड में घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके झोले से 100-100 एमएल की 14 सीलबंद बोतलें बरामद हुईं, जिनमें कुल 1400 एमएल कोडिनयुक्त नशीला सिरप पाया गया।
औषधि निरीक्षक द्वारा जांच में सिरप को प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बताया गया। आरोपी इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने सिरप मध्यप्रदेश के ब्यौहारी क्षेत्र से खरीदना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।




