अवैध संबंध में युवक की हत्या, 4 महीने बाद पुलिस ने किया मामले का खुलासा.

जशपुर – जिले में युवक की हत्या का 4 महीने बाद पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं।
पूरा मामला मामला कांसाबेल थाना क्षेत्र का है, जहां अनिरुद्ध दास नामक युवक की हत्या को लेकर रहस्य बना हुआ था। नवंबर 2024 में अनिरुद्ध लापता हुआ था, जिसकी रिपोर्ट उसके पिता ने सीतापुर थाने में दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि अनिरुद्ध दास का मुडाटोली गांव की एक महिला से प्रेम संबंध था, जो श्याम पैंकरा को नागवार गुजरा। इसके बाद श्याम ने अपने परिजनों के साथ मिलकर युवक की हत्या की खौफनाक साजिश रची।
20 नवंबर की रात अनिरुद्ध को बुलाकर बेरहमी से पत्थरों से पीटा गया और फिर टांगी से उसका गला काटा गया। हत्या के बाद शव को स्कॉर्पियो में रखकर जंगल ले जाकर जलाया गया। सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाया गया।
बेलटोली जंगल में मिले हड्डियों के अवशेषों ने इस खौफनाक हत्या की परतें खोलीं।
पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन, टांगी, फावड़ा, मोबाइल, रस्सी और तिरपाल समेत कई अहम सबूत जब्त किए हैं। साथ ही, हत्या में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने इस मामले की प्रोफेशनल जांच करते हुए बेहद चुनौतीपूर्ण हालात में भी सच सामने लाकर 5 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। टीम को सरगुजा रेंज के आईजी द्वारा नगद इनाम से भी पुरस्कृत किया गया है।




