अवैध संबंध के चलते युवक की बेरहमी से हत्या, महिला सहित 3 आरोपी गिरफ्तार….

रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ अवैध संबंध के चलते युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शव को बोरी में भरकर फेंका गया था। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली कि रावाभाठा के मिलाल बाड़ा के पीछे खाली प्लॉट में एक बोरी के अंदर शव मिला है। शव के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और चेहरे पर कपड़ा बंधा हुआ था। जांच में पता चला कि मृतक के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया था।
जांच के दौरान मृतक की पहचान 23 वर्षीय रामा माडे के रूप में हुई, जो उड़ीसा के मलकानगिरी का रहने वाला था और रायपुर के आर.आर. इंडस्ट्रीज मेटल पार्क में मजदूरी करता था। पूछताछ में सामने आया कि मृतक के उसी कंपनी में काम करने वाली विवाहित महिला सोनम बंजारे के साथ अवैध संबंध थे।
घटना की रात सोनम और रामा आपत्तिजनक हालत में थे, तभी सोनम का पति कृष्णा बंजारे घर पहुंचा। गुस्से में आकर उसने रामा पर लकड़ी से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद कृष्णा, सोनम और उसके साथी रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम ने शव को बोरी में भरकर मोटरसाइकिल से खाली प्लॉट में फेंक दिया।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मृतक का मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी और मोटरसाइकिल जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी:
- कृष्णा बंजारे (44 वर्ष)
- रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम (40 वर्ष)
- सोनम बंजारे (30 वर्ष)
रिश्तों में अवैध संबंध ने एक बार फिर खून की दास्तान लिख दी। रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह अंधा कत्ल महज़ कुछ ही घंटों में सुलझ गया।




