रायपुर
आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, दो घायल….

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के भावना नगर में छत पर मोबाइल गेम खेल रहे तीन युवकों पर अचानक बिजली गिर गई। इस हादसे में 20 वर्षीय सन्नी नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवक छत पर मौजूद थे तभी अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और तीनों उसकी चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।




