रायपुर
बच्चा चोरी के शक में महिला की पिटाई, पुलिस ने शुरू की जांच

राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। पार्वती नगर में बच्चा चोरी के शक में स्थानीय लोगों ने एक महिला को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि महिला मोहल्ले से एक बच्चे को उठाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रही थी।
इसी दौरान लोगों को शक हुआ और उन्होंने महिला को घेर लिया। बच्चा चोरी के संदेह में लोगों ने महिला को रंगे हाथों पकड़ने का दावा करते हुए जमकर पिटाई कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।
घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि यह बच्चा चोरी की कोशिश थी या सिर्फ अफवाह।




