तेज रफ्तार बारातियों से भरी पिकअप पलटी, एक की मौत, 12 घायल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां बारातियों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया दादर से बारात सीपत के ग्राम कारिछापर आई हुई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात सभी बाराती पिकअप वाहन में सवार होकर वापस लौट रहे थे। वाहन में करीब 20 से 25 लोग सवार थे। इसी दौरान कर्मा-बसहा के बीच एक मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान रामझूल की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है।




