छत्तीसगढ़ भवन में दिखा राजनीति का दुर्लभ शिष्टाचार, प्रतिद्वंद्वी नेताओं ने पेश की मिसाल

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – राजनीति में जहां अक्सर तीखे आरोप-प्रत्यारोप और कटु बयानबाजी देखने को मिलती है, वहीं न्यायधानी बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ भवन से राजनीति की एक सुकून देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के प्रति सम्मान और शिष्टाचार की अनूठी मिसाल पेश की।
खास बात यह रही कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में अंबिकापुर सीट पर टी.एस. सिंहदेव और राजेश अग्रवाल एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी रहे थे। चुनावी प्रतिस्पर्धा और राजनीतिक मतभेदों को पीछे छोड़ते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने सिंहदेव से मुलाकात कर विनम्रता के साथ उनका अभिवादन किया और पैर छूकर सम्मान जताया।
वहीं बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने भी वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। युवा नेतृत्व द्वारा दिखाया गया यह संस्कार यह संदेश देता है कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान सर्वोपरि होता है।
छत्तीसगढ़ भवन की यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे ‘सभ्य और संस्कारवान राजनीति’ का प्रतीक बता रहे हैं। यह दृश्य इस बात का उदाहरण बन गया है कि राजनीति में पद, जीत-हार से ऊपर मानवीय मूल्य और शिष्टाचार होते हैं।




