रतनपुर बाईपास पर ब्रेकडाउन ट्रेलर से टकराई यात्री बस, 12 यात्री घायल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – रतनपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दर्री पारा बाईपास के पास सड़क किनारे ब्रेकडाउन की स्थिति में खड़े ट्रेलर से पीछे से आ रही यात्री बस जा टकराई। हादसे में बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 5 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
हादसा रतनपुर–कोरबा मुख्य मार्ग पर दर्री पारा बाईपास के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक ट्रेलर क्रमांक CG 12 AW 3236 सड़क किनारे खराब हालत में ब्रेकडाउन की स्थिति में खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही यात्री बस क्रमांक CG 06 GY 8153 ट्रेलर को देख नहीं सकी और सीधे पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री सीटों से गिरकर घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई।
इस हादसे में सुरेंद्र विश्वकर्मा – परिचालक,मंजय कुमार,राजेश्वर राम,दीपक कुमार,सनोज यादव,कमालुद्दीन अंसारी – बस चालक,राकेश कुमार सिंह,सलोनी सिंह,सुनीता सिंह,शाहजहां खातून,चिंता कुमारी, अशरफी सिंह घायल हुए है।
गम्भीर रूप से घायलों में सुरेंद्र विश्वकर्मा, मंजय कुमार, कमालुद्दीन अंसारी (बस चालक), राकेश कुमार सिंह और सलोनी सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है। बस चालक कमालुद्दीन अंसारी के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जबकि एक यात्री को कमर में गंभीर चोट आई है। अन्य यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना सड़क पर ब्रेकडाउन की स्थिति में खड़े ट्रेलर से बस के टकराने के कारण हुई है। हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 5 को गंभीर चोटें आई हैं। किसी की मृत्यु नहीं हुई है, सभी घायलों का इलाज सिम्स में जारी है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए रतनपुर–कोरबा मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।




