मार्केट में लगी भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक

रायपुर – नया रायपुर में भीषण आग की घटना सामने आई है। सेक्टर-28 स्थित मिनी मार्केट में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि मिनी मार्केट में स्थित कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। किराना स्टोर, कपड़ों की दुकान सहित कई व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद दो दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। दमकल की देरी से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि समय पर दमकल पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।




