सवारियों से भरी जीप खाई में गिरी, तीन की मौत, कई घायल

राजस्थान के उदयपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सवारियों से भरी एक जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा उदयपुर जिले के आदिवासी अंचल कोटड़ा क्षेत्र में हुआ। बिलवन की ओर जा रही जीप चढ़ाई के दौरान अचानक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गई। चालक ने वाहन को संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन जीप सड़क से फिसलकर लगभग 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय जीप में कुल 27 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों का इलाज जारी है, वहीं प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।




