छत्तीसगढ़

अगरबत्ती से भड़की आग ने लिया विकराल रूप, मंदिर परिसर में मची अफरा-तफरी

सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले स्थित प्रसिद्ध कुदरगढ़ देवी धाम मंदिर परिसर में शुक्रवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और मंदिर प्रबंधन की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक मंदिर परिसर में नारियल फोड़ने वाले स्थान के पास अगरबत्ती जलाई जाती है। बताया जा रहा है कि अगरबत्ती से निकली चिंगारी धीरे-धीरे आसपास रखी सामग्री तक पहुंच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें मंदिर परिसर में रखी दान पेटी तक पहुंचीं और फिर मनोकामना ज्योति कलश भवन भी इसकी चपेट में आ गया।

Advertisement

घटना के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के सदस्यों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन पर्याप्त अग्निशमन संसाधन नहीं होने के कारण काफी मशक्कत करनी पड़ी।

 

बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम मौजूद नहीं हैं। अग्निशामक यंत्रों की कमी और आपातकालीन व्यवस्था के अभाव ने एक बार फिर मंदिर प्रबंधन और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button