8 लाख की इनामी महिला नक्सली ने किया आत्मसमर्पण, 20 साल से संगठन में थी सक्रिय

छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन की दिशा में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले में 8 लाख की इनामी महिला नक्सली ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
लगातार हो रही मुठभेड़ों और बड़ी कार्रवाइयों से नक्सल संगठन कमजोर पड़ता जा रहा है। यही वजह है कि अब नक्सली संगठन से जुड़े बड़े नेता और सदस्य आत्मसमर्पण की राह पकड़ रहे हैं।
इसी कड़ी में गरियाबंद में सत्यम गावड़े की पत्नी जानसी उर्फ़ वछेला मटामी ने सरेंडर किया है।
जानकारी के अनुसार, जानसी गढ़चिरौली, महाराष्ट्र की रहने वाली है और नगरी एरिया कमेटी की सचिव थी।
वह पिछले 20 साल से नक्सली संगठन से जुड़ी हुई थी और कई बड़ी घटनाओं में शामिल रही है।
धमतरी जिले के रिसगांव की बड़ी घटना सहित कई नक्सली वारदातों में उसकी सक्रिय भूमिका रही है।
जानसी अपने साथ एक SLR रायफल रखती थी और आईईडी लगाने जैसी घटनाओं को भी अंजाम देती थी।
नक्सलियों के आत्मसमर्पण से जहां संगठन लगातार कमजोर हो रहा है, वहीं सुरक्षा बलों का आत्मविश्वास और भी मजबूत हुआ है।गरियाबंद में हुई इस सरेंडर घटना को सुरक्षाबलों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।




