छत्तीसगढ़

यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, दो दर्जन से अधिक लोग घायल….

बलरामपुर – यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए हैं।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बलरामपुर जिले के डबरा पुलिस चौकी क्षेत्र के कदौरा मिशन स्कूल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस रायगढ़ से यात्रियों को लेकर झारखंड जा रही थी। तभी अचानक चालक का बस पर से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई।

Advertisement

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही डबरा पुलिस चौकी की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पास के अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बस में ज्यादातर यात्री अपने घर लौट रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने सभी को दहला दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि बस कई बार पलटी खाने के बाद जाकर सड़क किनारे रुक गई।पुलिस ने घटनास्थल से बस को हटवाकर यातायात बहाल कर दिया है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 

 

Related Articles

Back to top button