प्रदेश में भारी बारिश का दौर, बिलासपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर ) : छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह मेहरबान है। प्रदेशभर में अगले पांच दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश, तो कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों में बिलासपुर संभाग समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ में सबसे अधिक 13 सेंटीमीटर, पेण्ड्रा में 12 सेंटीमीटर, जबकि पुसौर और तमनार में 10-10 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अकलतरा, बलौदा, मस्तूरी, कोटा, पेण्ड्रा रोड और सरंगढ़ सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। लगातार सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
रेड अलर्ट
जशपुर और बलरामपुर जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
ऑरेंज अलर्ट
सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी), गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरबा, रायगढ़ और सक्ती जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव, कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और बलौदाबाजार-भाटापारा समेत प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और बंगाल की खाड़ी से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इन्हीं सिस्टमों के प्रभाव से प्रदेश में लगातार तेज बारिश का दौर बना रहेगा।मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। प्रशासन ने भी सभी जिलों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।



