अवैध इमारती लकड़ी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 9 लाख की लकड़ी और क्रेन जब्त

कोरबा पुलिस ने बेशकीमती इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन और अमानत में खयानत के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच से आगे बढ़ते हुए पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने करीब 9 लाख रुपये की इमारती लकड़ी और परिवहन में इस्तेमाल की गई एक क्रेन जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास अनुमति से काटे गए पेड़ों की लकड़ी का अवैध रूप से परिवहन किए जाने की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिसमें लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक ले जाने के अहम सुराग मिले।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी और एक क्रेन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 303(2), 316(5) और 317(2) के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच जारी है और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।




