पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 की मौत, कई घायल

गुजरात के अहमदाबाद में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने आठ लोगों की जान ले ली, जबकि 15 लोग घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज करीब पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
यह हादसा अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में रामोल-गतराड रोड स्थित एक अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुआ। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और कई मजदूर मलबे में दब गए। आरएएफ कैंप के जवान सबसे पहले मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। घायलों का इलाज एलजी अस्पताल और सिविल अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पा लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री की भी जांच कर रही है।




