घाट में भीषण हादसा, पुलिस के 3 घंटे के रेस्क्यू से ट्रक में फंसे तीन लोगों की बची जान

जशपुर जिले के लोरो घाट में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद जशपुर पुलिस ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए ट्रक में फंसे तीन लोगों की जान बचा ली। धनबाद से कोयला लेकर रायपुर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग से टकरा गया, जिससे ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सहित तीन लोग उसमें फंस गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना दुलदुला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डायल-112, अग्निशमन दल और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मितान और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में कटर मशीन से ट्रक का केबिन काटकर तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए जशपुर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। उन्होंने रेस्क्यू टीम, पुलिस मितान और सहयोगी नागरिकों की सराहना करते हुए घोषणा की कि साहसिक कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा, जबकि सहयोग करने वाले नागरिकों के नाम गुड सेमिरिटन योजना के तहत लाभ दिलाने के लिए भेजे जाएंगे।




