ऑपरेशन आघात: पुलिस का बड़ा एक्शन, 1 करोड़ 20 लाख का गांजा और 3 कार जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

सरगुजा रेंज में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 552 किलो से अधिक गांजा और तीन कार जब्त की हैं। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर कुनकुरी और बगीचा थाना पुलिस ने नाकेबंदी कर कार्रवाई की। कुनकुरी क्षेत्र में इनोवा कार से 311 किलो 350 ग्राम और बगीचा क्षेत्र में ब्रेजा कार से 240 किलो 810 ग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों मामलों में वाहन चालकों ने पुलिस से बचने के लिए जंगल का सहारा लेकर फरार होने की कोशिश की।
बगीचा पुलिस ने तस्करों की रेकी कर रही एक आर्टिगा कार को भी पकड़ लिया, जिसमें सवार सचिन्द्र राउत और मोहम्मद सगीर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 552 किलो 160 ग्राम गांजा, तीन वाहन और करीब 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




