55 किलो गांजा तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से फरार तस्कर जीआरपी के शिकंजे में….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जीआरपी को 55 किलो से अधिक गांजा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद फरार चल रहे एक और आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच अभी भी जारी है।
दरअसल, जीआरपी थाना बिलासपुर में अपराध क्रमांक 79/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले की गई कार्रवाई के दौरान 55 किलो 150 ग्राम गांजा जब्त किया गया था और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने फरार साथी निहार रंजन पटनायक का नाम बताया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
लगातार प्रयास के बाद जीआरपी टीम ने फरार आरोपी निहार रंजन पटनायक, पिता स्वर्गीय जयंतो पटनायक, उम्र 42 वर्ष, निवासी केन्दूघाटी, थाना सदर, जिला संबलपुर (ओडिशा) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को उसके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




