निर्माणाधीन पुल से 30 फीट नीचे गिरी कार, चार युवक गंभीर रूप से घायल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर-उरगा निर्माणाधीन सड़क पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। ढेंका के पास निर्माणाधीन पुल से एक तेज रफ्तार कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सभी युवक कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रहे थे। अरपा नदी पर बन रहे पुल का हिस्सा अभी अधूरा है, लेकिन रात के अंधेरे में कार सवारों को आगे सड़क खत्म होने की जानकारी नहीं मिल सकी। तेज रफ्तार कार सीधे अधूरे हिस्से से हवा में उछलकर नीचे जा गिरी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे ने निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधूरे पुल के पास पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



