छत्तीसगढ़

जर्जर स्कूल बना खतरा: छत का प्लास्टर गिरा, दो छात्र घायल

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से प्रशासनिक लापरवाही की एक गंभीर तस्वीर सामने आई है। साजा विधानसभा के ग्राम गुवारा स्थित शासकीय स्कूल में पढ़ाई के दौरान अचानक छत का प्लास्टर गिरने से दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Advertisement

हादसे के समय कक्षा में पढ़ाई चल रही थी, तभी जर्जर छत का बड़ा हिस्सा भरभराकर बच्चों के ऊपर गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से छात्र पारस और प्रवेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद शिक्षक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

Advertisement

ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल भवन की जर्जर हालत की शिकायत कई बार शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से की गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत या नए भवन की व्यवस्था नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार चेतावनी के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसका खामियाजा अब मासूम बच्चों को भुगतना पड़ा।

 

हादसे के बाद पालकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई, घायल छात्रों के समुचित इलाज और जिले के सभी जर्जर स्कूल भवनों का तत्काल सर्वे कर सुरक्षित भवन उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं मामले में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 

Related Articles

Back to top button