PG में घुसकर 20 वर्षीय युवती की हत्या, जांच में जुटी पुलिस….

दुर्ग जिले के भिलाई के वैशालीनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक 20 वर्षीय युवती की हत्या से सनसनी फैल गई। बेमेतरा निवासी खुशी साहू, रामनगर स्थित एक पीजी में रहकर फ्रेंड्स कैफे में काम करती थी। अज्ञात आरोपी घर में घुसा और उसकी हत्या कर मौके से फरार हो गया।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय खुशी की रूम पार्टनर बाथरूम में नहाने गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी पीजी में दाखिल हुआ और खुशी पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बाथरूम से बाहर आने पर रूम पार्टनर ने खुशी को लहूलुहान हालत में देखा और तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही वैशालीनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी की तलाश में जुट गई है। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।




