बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत, टक्कर के बाद दोनों बाइक में लगी आग

बलरामपुर जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। वाड्रफनगर-बलंगी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों बाइकों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
मृतकों में एक युवक की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी को ससुराल से लेकर घर लौट रहा था। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा सोमवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच वाड्रफनगर-बलंगी मार्ग पर चुरैला नाला के पास हुआ। बारिश के दौरान दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और दोनों बाइकों में आग लग गई। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी बाधित रहा। पुलिस का मानना है कि बारिश और तेज रफ्तार हादसे की वजह हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




