रतनपुर में बैंक में सेंध लगाने की कोशिश, दीवार तोड़कर चोरी का प्रयास, एटीएम में भी तोड़फोड़

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलतरा में स्थित ग्रामीण बैंक में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात की कोशिश हुई। बदमाशों ने बैंक की दीवार तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया और बैंक परिसर में लगे एटीएम में भी तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बदमाशों ने सीसीटीवी सिस्टम से भी छेड़छाड़ की है, जिसके चलते पुलिस डीवीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है।
रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा गांव स्थित ग्रामीण बैंक को बीती रात बदमाशों ने निशाना बनाया। चोरों ने बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। वारदात के दौरान बैंक के बगल में लगे एटीएम में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए.
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ की है। पुलिस अब डीवीआर और उपलब्ध फुटेज की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया ग्राम बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में चोरी के प्रयास की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया है। बैंक की दीवार और एटीएम में तोड़फोड़ हुई है। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। सीसीटीवी और डीवीआर की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। बैंक प्रबंधन से भी घटना से जुड़ी जानकारी ली जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




