बिलासपुर

बिलासपुर में गुंडों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 90 बदमाश हिरासत में, 12 गए जेल, 2 चाकूबाज गिरफ्तार

बिलासपुर में अपराध और चाकूबाजी पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने अब तक का बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई में 90 गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। 76 आदतन बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई, 12 को जेल भेजा गया, जबकि दो आरोपियों के पास से अवैध धारदार हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अब गुंडागर्दी करने वालों के लिए बिलासपुर में कोई जगह नहीं बचेगी।

Advertisement

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार सुबह शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने निगरानी बदमाशों, चाकूबाजों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के घरों पर दबिश देकर सत्यापन किया। अभियान के दौरान 90 लोगों को हिरासत में लिया गया। जांच के बाद 76 लोगों पर बीएनएसएस की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 12 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। दो लोगों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद होने पर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।

Advertisement

पुलिस ने सभी असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि चाकूबाजी, गुंडागर्दी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर जिला बदर सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी ऐसे तत्वों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button