मूसलाधार बारिश से स्टेट हाईवे जलमग्न, यातायात प्रभावित

खैरागढ़ में बीती रात से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। खैरागढ़–राजनांदगांव स्टेट हाईवे के कई हिस्सों में जलभराव होने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
लगातार बारिश के कारण हाईवे पर कई स्थानों पर पानी भर गया है। जलभराव की वजह से छोटे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं, जबकि बड़े वाहन भी बेहद धीमी गति से गुजर रहे हैं। सड़क पर पानी जमा होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।




