करंट की चपेट में आकर मां और दो बेटों की मौत….

बिलासपुर – कोटा थाना क्षेत्र के भाड़म गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेत में काम करने गई मां और उसके दो बेटों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दसन बाई अपने 23 वर्षीय बेटे विवेक और 14 वर्षीय बेटे सत्यव्रत के साथ खेत की मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गया। तीनों एक साथ उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। शाम को खेत पहुंचे मृतका के पति ने तीनों के शव देखे तो उनके होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन खेत में बिजली कैसे पहुंची, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।



