बिलासपुर
बेकाबू बोलेरो ने कार-स्कूटी को मारी टक्कर, फिर दुकान में जा घुसी….चालक फरार

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में हिट एंड रन जैसे हादसे ने लोगों को दहला दिया। कपिल नगर में तेज रफ्तार बोलेरो ने पहले एक कार को टक्कर मारी, फिर स्कूटी को रौंदते हुए सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो काफी तेज रफ्तार में थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी वाहन के नीचे फंस गई, जबकि कार और दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा। बोलेरो की तलाशी में शराब की बोतलें और डिस्पोजल ग्लास मिलने से चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो को जब्त कर लिया। मध्यप्रदेश नंबर की इस गाड़ी के मालिक और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।




