बर्थडे पार्टी के बाद खूनी विवाद, बोलेरो कैंपर से कुचलकर युवक की हत्या, आरोपी फरार

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के बाद मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक, दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने एक साथी का जन्मदिन मनाने रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान तुषार ढांडा और उज्जवल सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसे साथियों ने शांत करा दिया। लेकिन रिजॉर्ट से बाहर निकलने के बाद दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई और मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि गुस्से में तुषार ढांडा ने अपनी बोलेरो कैंपर तेज रफ्तार से उज्जवल सिंह की ओर दौड़ा दी। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को उसके साथी तत्काल शिवाय हॉस्पिटल, कोरबा लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और साथियों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



