छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बारिश का दौर….कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश हुई। सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा सारंगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा लाल बहादुर नगर में 11 सेंटीमीटर तथा सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।हालांकि, पूरे मानसून सीजन की बात करें तो छत्तीसगढ़ में अब भी सामान्य से करीब 46 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। अगले तीन दिनों के दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को भी आसमान मेघमय रहने, बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।




