तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराई….बड़ा हादसा टला, पुलिस जांच में जुटी

(धीरेन्द्र मेहता) : बिलासपुर के हिर्री थाना क्षेत्र के झलफा गांव में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, कार को कथित तौर पर एक नाबालिग युवक चला रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त कार किसकी है, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही हिर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस वाहन के मालिक, हादसे के कारणों और चालक की पहचान करने में जुटी है। यदि जांच में नाबालिग के वाहन चलाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




