घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी पति गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। ग्राम पारेमेर में एक पति ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी पत्नी की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पति गांव से फरार होने की तैयारी में है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी रामनाथ मंझवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने घरेलू विवाद के बाद पत्नी के साथ मारपीट कर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से घरेलू विवादों में हिंसा की बजाय संवाद और संयम अपनाने की अपील की है।




