लाखों का गांजा बरामद, बच्चे की आड़ में तस्करी करने वाले तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। उस्लापुर रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने एक ट्रॉली बैग से 12 किलो 405 ग्राम गांजा बरामद किया है। खास बात यह है कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने साथ एक छोटे बच्चे को भी लेकर चल रहे थे।
सिविल लाइन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पुरुष और दो महिलाएं ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन से उस्लापुर की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने उस्लापुर रेलवे स्टेशन के पास लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के समीप घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से प्लास्टिक टेप में पैक 11 पैकेटों में कुल 12.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा के झारसुगुड़ा निवासी प्रकाश नायक उर्फ पप्पू, उसकी पत्नी नेहा सिंह और जांजगीर-चांपा निवासी अर्चना सिंह शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था, बिलासपुर पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




