इस्पात प्लांट में हादसा, फर्नेस ब्लास्ट से 4 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। फर्नेस में रिसाव के बाद अचानक हुए विस्फोट की चपेट में आकर चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, पूंजीपथरा स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में रोज की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान दोपहर में फर्नेस में तकनीकी खराबी और रिसाव के बाद अचानक ब्लास्ट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में अमरेश कुमार, रामनाथ, उजेंद्र और फिरोज गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। वहीं सूचना मिलने पर पूंजीपथरा थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। घायल मजदूरों को तत्काल रायगढ़ के अपेक्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है, हादसे के बाद प्लांट में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस और प्लांट प्रबंधन घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं। शुरुआती तौर पर फर्नेस में रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है।




