स्कूलों में धार्मिक मंत्रों के आदेश का विरोध, मुस्लिम विकास मंच ने निकाली मौन रैली

(शैलेश सोनी) : छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय विद्यालयों की दैनिक गतिविधियों में धार्मिक मंत्रों और वंदनाओं को शामिल किए जाने संबंधी आदेश का विरोध शुरू हो गया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मुस्लिम विकास मंच ने धरना प्रदर्शन और मौन रैली निकालकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आदेश को वापस लेने की मांग की है।
मुस्लिम विकास मंच के पदाधिकारियों और समर्थकों ने गौरेला के लाल बंगले में हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद लाल बंगले से कलेक्टर कार्यालय तक मौन रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर कहा कि शासकीय विद्यालय सभी धर्मों और वर्गों के विद्यार्थियों के लिए समान रूप से शिक्षा का केंद्र हैं।
मंच के अध्यक्ष असद सिद्दीकी ने कहा कि किसी विशेष धार्मिक मंत्र या वंदना को विद्यालयों की दैनिक गतिविधियों में शामिल करना संविधान की धर्मनिरपेक्ष भावना के विपरीत है। उन्होंने आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि शासकीय विद्यालयों का वातावरण समावेशी और धर्मनिरपेक्ष होना चाहिए। वहीं प्रशासन की ओर से एसडीएम विक्रांत अंचल ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित स्तर पर भेजने की बात कही।




