राजनांदगांव

मनगटा युवती मौत मामले में बड़ा खुलासा, दुष्कर्म के आरोप में 3 गिरफ्तार, रिसोर्ट सील

राजनांदगांव के चर्चित मनगटा युवती मौत मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने युवती को जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामले में मुख्य आरोपी समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं घटना से जुड़े व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी सील कर दिया गया है।

Advertisement

थाना सोमनी क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साइबर सेल की मदद से हुई जांच में पता चला कि आरोपी आशुतोष हिरवानी, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख और घनश्याम बेलचंदन युवती को अपने साथ लेकर गए थे। रास्ते में उसे जबरन शराब पिलाई गई और बाद में रिसोर्ट में उसकी मदहोशी का फायदा उठाकर दुष्कर्म किया गया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी आशुतोष ने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे उसे चोटें भी आईं। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना सोमनी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी सील कर दिया है और आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button