10% मुनाफे का झांसा देकर 72 लाख की ठगी, बिलासपुर से गिरफ्तार हुआ मास्टरमाइंड

(रामप्रसाद गुप्ता) : एमसीबी जिले के चिरमिरी में निवेश पर हर माह 10 प्रतिशत मुनाफा और रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी क्रिप्टो करेंसी, ऑनलाइन ट्रेडिंग और अन्य कारोबार में निवेश के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाता था।
पुलिस के मुताबिक बिलासपुर निवासी विकास घोघाल ने चिरमिरी के अनवर मोहम्मद समेत कई लोगों को आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिलाकर निवेश कराया। शुरुआत में कुछ रकम लौटाकर भरोसा जीता और बाद में लाखों रुपये लेकर संपर्क तोड़ दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने तापस बनर्जी और जॉय बंधोपाध्याय सहित तीन लोगों से करीब 72 लाख रुपये की ठगी की है।
तकनीकी साक्ष्यों और बैंक लेन-देन की जांच के बाद पुलिस ने 17 जून को बिलासपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने निवेश के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से एक कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अलग-अलग कंपनियों के माध्यम से करीब 2 करोड़ रुपये तक जुटाए थे। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।




