कोरिया

भाजपा नेता को जिंदा जलाने वाले मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपियों ने किया सरेंडर

(रामप्रसाद गुप्ता) : कोरिया जिले के चर्चित रेत तस्करी विवाद और तिहरे हत्याकांड मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने मनेंद्रगढ़ कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच आरोपियों ने सरेंडर किया, जिसके बाद मामले की जांच और आगे की कार्रवाई तेज हो गई है।

Advertisement

दरअसल, नौगईं गांव में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोप है कि हमलावरों ने भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर को हाईवा वाहनों से घेरकर रोक दिया और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में भरत सिंह की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके चचेरे भाई नागेंद्र सिंह समेत दो अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया था।

 

शनिवार को मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी के साथ निशांत त्रिपाठी, अमन और आशुतोष त्रिपाठी ने मनेंद्रगढ़ थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। इससे पहले पुलिस चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार रेत घाट के संचालन और अवैध वसूली को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल एक आरोपी गौरव त्रिपाठी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एमसीबी एसपी रत्ना सिंह ने बताया कि सरेंडर के बाद आगे की विवेचना और कानूनी कार्रवाई कोरिया पुलिस द्वारा की जाएगी।

Back to top button