रामा वैली में 19 वर्षीय चौकीदार ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट बरामद, पुलिस जांच में जुटी

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र स्थित रामा वैली में एक 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सागर महिपाल के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा गांव का रहने वाला था और रामा वैली में चौकीदार के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सुसाइड नोट की सामग्री की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




