अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 9 वाहन जब्त

(शैलेश सोनी) : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
जांच के दौरान सिवनी और मरवाही क्षेत्र में अवैध रूप से मुरुम का उत्खनन करते पाए गए 2 जेसीबी और 3 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। वहीं मरवाही, कोलबीरा और कोटमी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 4 ट्रैक्टर वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। सभी जब्त वाहनों को संबंधित पुलिस थानों में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग ने सभी वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत कार्रवाई की है। विभाग के अनुसार निर्धारित अर्थदंड जमा करने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




