बोल बम भक्तों के लिए खुशखबरी, बैद्यनाथ धाम रूट पर स्पेशल ट्रेन की तैयारी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सावन मे बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को देखते हुए बिलासपुर रेल मंडल ने स्पेशल ट्रेन चलाने के संकेत दिए हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की संख्या और पिछले वर्षों के ट्रैफिक का विश्लेषण किया जा रहा है, जिसके आधार पर विशेष ट्रेनों के संचालन पर विचार किया जा रहा है।
सावन माह शुरू होने से पहले ही श्रद्धालु विशेष ट्रेन चलाने की मांग लगातार कर रहे है। इसे देखते हुए बिलासपुर रेल मंडल ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे को हर साल बाबा बैधनाथ रूट पर यात्रियों की मांग प्राप्त होती है। मौजूदा ट्रेनों में यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं सावन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्षों के यात्री आंकड़ों और ट्रैफिक का विश्लेषण किया जा रहा है।
रेलवे प्रबंधन का कहना है जरूरत पड़ने पर विशेष ट्रेनों के संचालन पर भी निर्णय लिया जा सकता है, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।फिलहाल रेलवे की ओर से सावन में संभावित भीड़ को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं और श्रद्धालुओं को जल्द ही स्पेशल ट्रेन को लेकर अच्छी खबर मिल सकती है।




