
(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज 11 जून से प्रदेश में बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले दो दिनों के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका जताई है। साथ ही प्रदेश के एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की गई है, जिसे देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मॉनसून की दस्तक के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। रायपुर और बिलासपुर संभाग में आज गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ की संभावना है। हालांकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, लेकिन मौसम में बदलाव के साथ जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




