नेहरू नगर सामुदायिक भवन तोड़फोड़ मामला गरमाया, हाउसिंग बोर्ड ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – नेहरू नगर स्थित सामुदायिक भवन को लेकर नया विवाद सामने आया है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने कलेक्टर बिलासपुर को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि मंडल की स्वामित्व वाली संपत्ति को अवैध रूप से तोड़ा गया और क्षतिग्रस्त किया गया है। मंडल ने इस मामले में जिम्मेदार व्यक्तियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मंडल के अनुसार नेहरू नगर आवासीय योजना के अंतर्गत बना सामुदायिक भवन उसकी संपत्ति है, जिसका विस्तार और उन्नयन वर्ष 2008 और 2017 में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से कराया गया था। पत्र में आरोप लगाया गया है कि 2 जून 2026 को मोहम्मद अली और अन्य लोगों द्वारा भवन में तोड़फोड़ की गई, जिससे मंडल की संपत्ति को नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलने पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई रुकवाने का प्रयास किया और सिविल लाइन थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई।

गृह निर्माण मंडल ने पत्र में यह भी कहा है कि राजस्व अधिकारियों द्वारा मंडल को पक्षकार बनाए बिना कार्रवाई की गई, जिससे उसे अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिला। मंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच, कथित रूप से भ्रामक दस्तावेजों की जांच और संपत्ति को हुई लगभग 80 लाख रुपये की क्षति की वसूली की मांग की है। अब इस पत्र के बाद मामला प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर और गरमा गया है।



