24 घंटे में चोरी का खुलासा, स्टील प्लांट के कर्मचारियों ने ही रची थी साजिश

रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनआरवीएस स्टील लिमिटेड प्लांट में हुई संगठित चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें प्लांट के कर्मचारी भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 300 किलो एसएस स्क्रैप पाइप और चोरी में इस्तेमाल की गई ईको वाहन समेत कुल 9 लाख 8 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्लांट के जेसीबी ऑपरेटर और लोडर चालक ने ट्रेलर चालक समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की पूरी साजिश रची थी। आरोपियों ने स्क्रैप पाइप को फ्लाई ऐश के भीतर छिपाकर ट्रेलर से प्लांट के बाहर निकाला और बाद में उसे तराईमाल जंगल में छिपा दिया था। चोरी गए माल को बेचकर रकम आपस में बांटने की योजना थी।
मुखबिर की सूचना पर पूंजीपथरा पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चोरी की धारा के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) यानी संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि औद्योगिक इकाइयों में चोरी और अंदरूनी मिलीभगत से अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




