गांजे की बड़ी खेप पकड़ाई, 400 किलो से अधिक गांजा जब्त, 5 हिरासत में

धमतरी पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 400 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है। मामले में एक नाबालिग समेत 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांजे की यह बड़ी खेप जगदलपुर से रायपुर की ओर ले जाई जा रही थी। तस्कर कार और पिकअप वाहन का इस्तेमाल कर अवैध रूप से गांजे की तस्करी कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अर्जुनी थाना क्षेत्र के श्यामतराई जांच नाका के पास वाहनों को रोककर जांच की, जहां भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग समेत 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है। जब्त गांजे का कुल वजन 400 किलो से अधिक बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल जब्त गांजा, वाहन और आरोपियों को लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




